रेलवे ने त्योहारों के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए विशेष व्यवस्था किए हैं. उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल द्वारा छपरा से आनंद विहार टर्मिनल और दिल्ली के लिए दो फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. ये ट्रेनें अक्टूबर 2025 में एक-एक फेरा संचालित करेंगी.
पहली विशेष ट्रेन छपरा-आनंद विहार टर्मिनल अनारक्षित फेस्टिवल स्पेशल (गाड़ी संख्या 05071/05072) होगी. गाड़ी संख्या 05071 छपरा से मंगलवार, 28 अक्टूबर 2025 को दोपहर 3 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन मसरख, दिघवा दुबौली, पडरौना, कप्तानगंज, गोरखपुर, बस्ती, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद होते हुए अगले दिन सुबह 10:45 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी.
वापसी में, गाड़ी संख्या 05072 आनंद विहार टर्मिनल से बुधवार, 29 अक्टूबर 2025 को दोपहर 1 बजे प्रस्थान करेगी और गुरुवार, 30 अक्टूबर 2025 को छपरा पहुंचेगी.
दूसरी विशेष ट्रेन छपरा-दिल्ली आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल (गाड़ी संख्या 05615/05616) है. गाड़ी संख्या 05615 छपरा से मंगलवार, 28 अक्टूबर 2025 को रात 11:25 बजे रवाना होगी. यह गाजीपुर सिटी, वाराणसी, अयोध्या कैंट, लखनऊ, शाहजहांपुर, मुरादाबाद और गाजियाबाद होते हुए अगले दिन रात 11:20 बजे दिल्ली पहुंचेगी.
वापसी दिशा में, गाड़ी संख्या 05616 दिल्ली से गुरुवार, 30 अक्टूबर 2025 को चलेगी. यह बलिया, युसुफपुर, शाहगंज और गाजीपुर सिटी होते हुए शुक्रवार, 31 अक्टूबर 2025 को छपरा पहुंचेगी.
उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने कहा कि इन विशेष गाड़ियों के संचालन से त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे आरक्षण और समय सारणी की परफेक्ट जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या स्टेशन पूछताछ केंद्र से प्राप्त करें.